Bihar Road Accident: बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान खड्डा पोखरटोला वार्ड संख्या-6 निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है. वह चेक पोस्ट से बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बगीचा रेस्टोरेंट के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.


टक्कर के बाद सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल सुधीर को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया.


अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी रही. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर दूसरे अस्पताल जा रहे थे, लेकिन हरिवाटिका चौक के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. रात करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया.


सुधीर कुमार किशोरी सिंह के पुत्र थे और राजमिस्त्री का काम कर परिवार चलाते थे. उनके परिवार में पत्नी रीना कुमारी और दो बेटे ऋषभ (10) और सौरभ (8) हैं. उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई. पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बेतिया जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. नौतन थाना पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
 
 

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट