Bihar Crime News: बिहार के बेतिया जिले के नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मढिया गांव निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के सामने की जमीन और रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपितों ने उनके द्वारा लगाए गए आम के चार पेड़ों समेत कई अन्य पेड़ों को काट दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच के लिए गांव पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई महिला और पुरुष अचानक लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए और पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला गार्ड संध्या कुमारी के हाथ से मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। इतना ही नहीं, पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर तक चलाए गए। हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, महिला गार्ड संध्या कुमारी और जवान अभिषेक कुमार घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। पुलिस का आरोप है कि बदमाशों ने सरकारी वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंक्चर कर दिया, ताकि पुलिस टीम गांव से बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया है। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।