Bihar News: बेतिया शहर के लिबर्टी सिनेमा परिसर में सोमवार की रात अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा.
आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया.
आग परिसर के किस हिस्से में लगी और इसकी वजह से कितना नुकसान हुआ है, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार लिबर्टी सिनेमा हॉल पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है. लंबे समय से बंद रहने के कारण परिसर में अक्सर लोगों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिसर में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. इसके अलावा यहां कथित तौर पर लॉटरी और जुआ खेलने वाले लोगों की भी आवाजाही रहती है.
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
लिबर्टी सिनेमा परिसर में आग आखिर कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. स्थानीय स्तर पर शॉर्ट सर्किट समेत कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि, आग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है. आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इससे परिसर को कितना नुकसान हुआ है.