BETTIAH: पश्चिम चंपारण के बेतिया जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कटैया पंचायत के कटैया पुरब टोला गांव में हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे शिव चर्चा कार्यक्रम के दौरान बिजली कनेक्शन जोड़ने गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई।


मृतक की पहचान वार्ड संख्या-6 निवासी विश्वनाथ साह के 40 वर्षीय पुत्र गुड्डू साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के लिए बिजली की व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान गुड्डू साह बिजली का कनेक्शन जोड़ने पहुंचे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उन्होंने बिजली का तार पकड़ा, वे तेज करंट की चपेट में आ गए। हाई वोल्टेज करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और शिव चर्चा का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।


आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया लेकर पहुंचे, जहां डॉ. जितेंद्र काजी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर गांव में फैलते ही मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गुड्डू साह अपने पीछे दो पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।


बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट