Bihar Road Accident: पश्चिम चंपारण के बेतिया में लौरिया थाना क्षेत्र के परसा मठिया के पास सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोबिना खातून, पति तफाजुल खां, निवासी बासोपट्टी बकुचिया, वार्ड नंबर-07 के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मोबिना खातून अपने पुत्र के साथ दवा कराने के लिए लौरिया जा रही थीं। इसी दौरान परसा मठिया के पास उनका बेटा बाइक में पेट्रोल भराने के लिए मां को सड़क किनारे छोड़कर पेट्रोल पंप पर चला गया। पेट्रोल लेकर जब वह वापस लौटा तो अपनी मां को सड़क किनारे गंभीर रूप से जख्मी हालत में पाया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों द्वारा महिला का इलाज के लिए लौरिया लाया गया जहां डाक्टरों ने इलाज कर बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय यूपी नंबर एक पिकअप वाहन लौरिया से बेतिया की ओर जा रहा था। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर कुछ दूर स्थित एक दुकान के पास पहुंचा और गाड़ी खड़ी कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पिकअप वाहन और उसके चालक की भूमिका की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..