BETTIAH:सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद बिहार में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पश्चिमी चंपारण के बेतिया का है, जहां भूमि विवाद को लेकर हो रहे पंचायती के दौरान दो पक्ष आपस में ही भीड़ गये। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी।
इस दौरान कई लोग घायल हो गये। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज जारी है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के वृति टोला गांव है, जहां इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घायल मंजर आलम ने घटना के संबंध में बताया कि सुबह पंचायत बैठी थी, जिसमें सभी पंच और परिवार के सदस्य मौजूद थे। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पहले से ही हमला करने की योजना बना रखी थी। “हमें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। हम घर के अंदर थे, तभी बाहर गाली-गलौज शुरू हो गई। जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने हाथापाई शुरू कर दी और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी।
मंजर आलम ने आरोप लगाया कि महताब आलम के लोगों ने उन पर चाकू से वार किया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। फिलहाल वह GMCH में भर्ती हैं। वहीं, मंजर आलम के पिता मंसूर आलम ने बताया कि मामला जमीन के बंटवारे से जुड़ा है।
उन्होंने बताया कि पहले वे पांच भाई थे और सभी ने आपसी सहमति से जमीन का बंटवारा कर लिया था। “करीब 20 साल से सभी अपने-अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर रहे थे और कोई विवाद नहीं था। लेकिन तीन भाइयों के निधन के बाद अब भतीजे जबरन हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं।
मंसूर आलम के अनुसार, उन्होंने अपने हिस्से की जमीन अपने बेटों के नाम कर दी है, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने विवाद खड़ा कर दिया। “हमने पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन वे पहले से ही हमला करने की नीयत से आए थे। मारपीट कर हमें कानूनी झंझट में फंसाने की साजिश रची गई।
इस घटना में मंसूर आलम की पत्नी को सिर, कमर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके बेटे को भी हाथ और सिर पर चोट लगी है। सभी घायलों का इलाज GMCH में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।