Railway Viral Video: रेलवे फाटक बंद होने के दौरान ट्रेन के बीच रास्ते में रुकने और ट्रैक के पास खड़े लोगों के ट्रेन में सवार होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को बेतिया के कुमारबाग रेलवे फाटक का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।



कुमारबाग रेलवे फाटक का वीडियो

वायरल वीडियो में रेलवे फाटक बंद दिखाई दे रहा है। फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी है और लोग ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे हैं। इसी दौरान फाटक के अंदर कुछ लोग बैग लेकर रेलवे ट्रैक के आसपास खड़े नजर आते हैं। कुछ देर बाद ट्रेन के आने की आवाज सुनाई देती है। इसी दौरान एक व्यक्ति मोबाइल फोन पर किसी से बात करता दिखाई देता है और फिर ट्रेन की तरफ हाथ से इशारा करता नजर आता है।








फाटक के बीच रुक गई ट्रेन, यात्री चढ़े

वीडियो में मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि इस व्यक्ति ने ट्रेन के ड्राइवर से फोन पर बात की थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। कुछ ही देर बाद ट्रेन रेलवे फाटक के पास पहुंचकर रुक जाती है। इसके बाद ट्रैक के पास खड़े कुछ यात्री ट्रेन में सवार होते दिखाई देते हैं। फाटक पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



रेलवे की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ट्रेन का रेलवे फाटक के बीच रुकना और यात्रियों का वहां से ट्रेन में सवार होना कई सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्रेन आखिर रेलवे फाटक के बीच क्यों रुकी? क्या वाकई किसी फोन कॉल के बाद ट्रेन को रोका गया था या इसके पीछे कोई आधिकारिक वजह थी? इन सवालों का जवाब रेलवे की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।



रेल सेवा ने समस्तीपुर डिविजन को किया टैग

'सीतामढ़ी जिला' नाम के एक्स हैंडल से भी इस वीडियो को शेयर किया गया है। पोस्ट के बाद रेल सेवा की ओर से समस्तीपुर रेलवे डिविजन को टैग करते हुए जवाब दिया गया कि "संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जा रहा है।"



अब रेलवे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना वास्तव में कब और किन परिस्थितियों में हुई थी और ट्रेन के रेलवे फाटक के बीच रुकने की वास्तविक वजह क्या थी।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..