Bihar Crime News: बेतिया से शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए घोड़ों का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। जगदीशपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो घोड़ों पर लदी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर ली। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जगदीशपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर घोड़ों के जरिए शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बनहौरा नहर के समीप विशेष घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद पुलिस को दो घोड़े आते दिखाई दिए, जिन पर बड़ी मात्रा में शराब लदी हुई थी। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया। तस्कर घोड़ों को छोड़कर भागने लगे। हालांकि पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मड़ुवाहा गांव निवासी रविंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने जब घोड़ों की तलाशी ली तो उनके ऊपर लदी कुल 85 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने शराब के साथ दोनों घोड़ों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह तस्करी का नया तरीका था, जिसके जरिए अपराधी पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन समय पर मिली सूचना और सटीक कार्रवाई के कारण उनका पूरा खेल बिगड़ गया।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का मानना है कि इस मामले के तार एक बड़े शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद है।