BETTIAH: बेतिया GMCH परिसर के पास 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अस्पताल में कार्यरत संविदा/लैब कर्मी है। मामले में POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग को अस्पताल में कार्यरत एक संविदा/लैब कर्मी बहला-फुसलाकर अस्पताल परिसर के बाहर स्थित अपने डेरे पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले को लेकर पीड़िता के परिजनों की लिखित शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या 595/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद टीम ने तत्काल छापेमारी शुरू की। कार्रवाई करते हुए रविरंजन, पिता कमलेश यादव, निवासी हरदिया भुवाल, थाना मटियरिया को मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तारी की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी महिला पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
बेतिया पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस समयबद्ध तरीके से आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कठोर सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई करेगी।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट