Bihar Road Accident: बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलदारी में सड़क हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय मोहम्मद अरमान की मौत हो गई. हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने डीएसपी की गाड़ी पर लापरवाही से वाहन चलाने और बाइक में पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाया है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है.


मृतक की पहचान बेलदारी निवासी मोहम्मद अरमान के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है. मृतक के भाई मोहम्मद निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि सुबह के समय अरमान बाइक से जीयो पेट्रोल पंप की तरफ से आ रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई एक गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.


परिजनों के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं.


डीएसपी की गाड़ी पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतक के भाई मोहम्मद निजामुद्दीन का आरोप है कि जिस गाड़ी से बाइक में टक्कर लगी, वह डीआईजी से संबंधित डीएसपी की गाड़ी थी. उनका कहना है कि टक्कर के बाद गाड़ी आगे बढ़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसका अगला टायर फट जाने के कारण वह मौके पर ही रुक गई.


निजामुद्दीन के मुताबिक, गाड़ी में एक महिला, एक बच्चा और कुछ अन्य लोग भी सवार थे. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके और जिम्मेदारी तय हो.


परिजनों ने मांगा न्याय

मोहम्मद निजामुद्दीन ने कहा कि हादसे की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए. उनका कहना है कि अगर किसी की लापरवाही से उनके भाई की जान गई है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. परिवार ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए न्याय की मांग की है.


वहीं, इस मामले में मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कंचन भास्कर ने बताया कि घटना पुलिस की सरकारी गाड़ी से नहीं, बल्कि डीएसपी की प्राइवेट गाड़ी से हुई है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.