BETTIAH: बेतिया में दिलशाद अंसारी की पुलिस अभिरक्षा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सहोदरा थानाध्यक्ष समेत छह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


निलंबित पुलिस कर्मियों में सहोदरा थानाध्यक्ष पु०अ०नि० रवि शंकर कुमार, पु०अ०नि० अरुण कुमार, सिपाही सौदागर कुमार यादव, राज किशोर ऋषि, कुंदन कुमार और चालक सिपाही सुमन कुमार शामिल हैं।


जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह कार्रवाई सहोदरा थाना कांड संख्या 65/25, दिनांक 2 अगस्त 2025, एनडीपीएस एक्ट के अभियुक्त दिलशाद अंसारी को पुलिस अभिरक्षा में ले जाने के दौरान हुई घटना के संबंध में की गई है।


गौरतलब है कि दिलशाद अंसारी की मौत के बाद उनके परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, पुलिस ने अपने पूर्व के बयान में दावा किया था कि दिलशाद चलती पुलिस गाड़ी से कूदकर घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


फिलहाल, छह पुलिसकर्मियों के निलंबन की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति से हुई है। बताया गया है कि सहोदरा थाना कांड संख्या-65/25, दिनांक 02.08.2025, एनडीपीएस एक्ट के अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में ले जाने के दौरान हुई घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक महोदय, पश्चिम चंपारण, बेतिया द्वारा सहोदरा थाने के निम्नलिखित पदाधिकारियों/कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

1-पु०अ०नि० रवि शंकर कुमार, थानाध्यक्ष, सहोदरा थाना

2-पु०अ०नि० अरुण कुमार

3-सिपाही/1453 सौदागर कुमार यादव

4-सिपाही/1451 राज किशोर ऋषि

5-सिपाही/1454 कुंदन कुमार

6-चालक सिपाही/07 सुमन कुमार

 इस कार्रवाई के बीच अब मामले की निष्पक्ष जांच और मौत की वास्तविक वजह सामने आने पर सबकी निगाहें टिकी हैं।


बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट