Bihar Crime News: बेतिया जिले के चनपटिया प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को सरेह से 22 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. शव तुरहापट्टी गांव के तिवारी टोला स्थित वार्ड नंबर-5 में श्मशान घाट के समीप मिला. शव मिलने की जानकारी मिलते ही आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.


मृतक की पहचान तुरहापट्टी गांव निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही कुमारबाग, मनुआपुल और सिरिसिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली.


इसके बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.


घर से बुलाकर ले जाने का आरोप

घटना को लेकर मृतक के पिता ने गांव के ही कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाया है. पिता का कहना है कि कुछ युवक आदित्य को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. इसके बाद उसका शव श्मशान घाट के पास सरेह में मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों ने आदित्य की हत्या करने के बाद शव को वहां फेंक दिया.


पिता के आरोप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास की स्थिति की जांच करने के साथ ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है.


शव मिलने के बाद गांव में बढ़ी हलचल

मंगलवार को सरेह में युवक का शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा होने लगी. वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आदित्य की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह आखिरी बार किन लोगों के साथ था. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.


पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की भी पुष्टि की जा रही है.


बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट