Bihar News: बेतिया राज प्रशासन ने वर्षों से किराया नहीं चुकाने वाले बड़े बकाएदारों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से राज की जमीन और भवन का उपयोग कर रहे छह लीजधारकों को नोटिस जारी किया गया है। इन सभी पर मिलाकर करीब 1 करोड़ 68 लाख रुपये से ज्यादा का किराया बकाया बताया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो बेदखली के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।


बताया जा रहा है कि कई लीजधारक ऐसे हैं जिन्होंने 10 से लेकर 30 साल तक किराया जमा नहीं किया। विभाग की ओर से पहले भी कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। अब प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।


राजस्व पदाधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित लोगों को एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा करनी होगी। अगर तय समय में पैसा जमा नहीं किया गया तो मकान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और नीलाम पत्र वाद भी दायर किया जाएगा।


प्रशासन के मुताबिक वर्षों से किराया लंबित रहने की वजह से राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था। इसी कारण अब बकाएदारों की सूची तैयार कर एक-एक कर कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा चर्चा उन मामलों की हो रही है जहां लोग 20 से 30 साल तक किराया दिए बिना सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल करते रहे। एक मामले में लीजधारक पर करीब 18 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है, जबकि दूसरे मामले में 50 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा नहीं की गई है।


वहीं एक अन्य मामले में बताया गया कि संबंधित व्यक्ति ने वर्ष 1996-97 से अब तक किराया नहीं चुकाया। इतने लंबे समय तक भुगतान नहीं होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अब सवाल भी उठने लगे हैं।


प्रशासन ने जिन लोगों को नोटिस भेजा है, उनमें कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारी, निजी लीजधारक और विभागीय अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी को अंतिम मौका देते हुए बकाया राशि जमा करने को कहा गया है।


बेतिया राज प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े बकाएदारों की सूची जारी की जाएगी। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां दो दशक से ज्यादा समय से किराया जमा नहीं हुआ है। विभाग अब सभी लंबित मामलों की जांच कर रहा है और बकाया वसूली के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।