Bihar News: बगहा के रामनगर प्रखंड के भावल गांव में गोलगप्पा खाने के बाद करीब एक दर्जन लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बाद बीमार लोगों को आनन-फानन में रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। वहीं, कुछ लोगों का इलाज निजी अस्पताल में भी चल रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव में बीते दिन कई लोगों ने गोलगप्पा खाया था। इसके बाद एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार लोगों में 60 वर्षीय मधु देवी, जूही कुमारी, मयंक कुमार, हर्षित कुमार, दीपराज साह, खुशबू कुमारी, कृष्णा कुमार और नीतीश कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।
घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। परिजनों ने बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल सभी का उपचार जारी है। रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामला फूड पॉइजनिंग का है।
उन्होंने कहा कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल, गोलगप्पे खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की वजह की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।