Bihar News: बिहार के बेतिया जिले के बगहा स्थित एलआईसी कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की लोडेड बंदूक से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में पैसा जमा कराने आए एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायल व्यक्ति की पहचान पिपरिया निवासी 40 वर्षीय उपेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोली उनके पेट और हाथ में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें पहले अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायल के रिश्तेदार और एलआईसी एजेंट राणा प्रताप चौधरी ने बताया कि वे उपेंद्र चौधरी के साथ एलआईसी कार्यालय में पैसा जमा कराने पहुंचे थे। उन्होंने उपेंद्र को काउंटर पर भेज दिया और खुद किसी दूसरे काम में लग गए।
इसी दौरान काउंटर के पास खड़े सुरक्षा गार्ड की लोडेड बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली सीधे उपेंद्र चौधरी के दाहिने पेट और बाएं हाथ में जा लगी। गोली लगते ही उपेंद्र जमीन पर गिर पड़े और कार्यालय में चीख-पुकार मच गई।
घटना के तुरंत बाद कार्यालय में मौजूद लोग घबरा गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. शिवांगी गुप्ता ने घायल का प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली लगने के कारण काफी खून बह चुका था, इसलिए उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद एलआईसी कार्यालय में कुछ देर तक कामकाज प्रभावित रहा। वहीं लोगों के बीच यह चर्चा होती रही कि आखिर सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक गोली कैसे चल गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली गलती से चली या फिर सुरक्षा नियमों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी।