Bihar News: बिहार के बेतिया जिले के बगहा नगर परिषद क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रत्नमाला वार्ड संख्या-33 स्थित धोबी घटवा तालाब से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। प्रथम दृष्टया वह विवाहित लग रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला क्षेत्र की निवासी नहीं लगती है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वह यहां कैसे पहुंची। कुछ लोग इसे डूबने से हुई मौत मान रहे हैं, जबकि कई लोगों का आशंका है कि महिला की हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है।
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के इलाकों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने में काफी मदद मिलेगी। फिलहाल अज्ञात महिला की मौत को लेकर रहस्य बरकरार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।