Bihar News: बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मशहवा टोला में खिचड़ी खाने के बाद 13 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों के अचानक बीमार होने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। घबराए परिजनों ने आनन-फानन में सभी बच्चों को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 



बताया जा रहा है कि सभी बच्चों ने गांव में ही एक घर में खाना बनाकर खाया था। खाना खाने के बाद अचानक सभी को पेट दर्द और उल्टी जैसी समस्या होने लगी। एक के बाद एक एक दर्जन से अधिक बच्चों के बीमार होने के बाद गांव में कोराम मच गया। आनन-फानन में सभी को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।



बीमार बच्चों में राहुल कुमार (8 वर्ष), खुशी (10 वर्ष), सीनू (3 वर्ष), पिंकी (12 वर्ष), प्रीत (10 वर्ष), शीतल (8 वर्ष), लक्की कुमार (3 वर्ष), शिल्पा कुमारी (10 वर्ष), सलोनी (7 वर्ष), अंजली (3 वर्ष), मनीष (12 वर्ष), गीतांजलि (7 वर्ष) और मुकेश कुमार (15 वर्ष) शामिल हैं।



सभी बच्चों को अस्पताल में आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल, बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।