Bihar Crime News: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को अंधविश्वास और भीड़ की हैवानियत का मामला सामने आया. यहां एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसे चिता के साथ जिंदा जलाने की कोशिश की गई. सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.


बताया जा रहा है कि रविवार को गांव के अजय मांझी की पत्नी दासो देवी की मौत हो गई थी. सोमवार को परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर गांव के श्मशान घाट पहुंचे थे. वहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने महिला को भी श्मशान घाट पर बुलाया और उस पर डायन होने का आरोप लगाने लगे.


ग्रामीणों के बीच महिला को लेकर विवाद बढ़ गया और उसे दासो देवी की चिता के साथ जलाने की कोशिश की गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की टीम के सिपाही महफूज आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने भीड़ के बीच से महिला को बाहर निकाला और सुरक्षित थाने लेकर आई.


कुछ दिन पहले हुआ था महिला का विवाद

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव की दासो देवी और पीड़ित महिला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके अगले दिन दासो देवी की तबीयत बिगड़ गई थी. करीब दो दिन बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद ग्रामीणों के एक समूह ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाते हुए उसे दासो देवी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया.


सोमवार को दासो देवी के अंतिम संस्कार के दौरान महिला को श्मशान घाट बुलाया गया. इसी दौरान भीड़ ने उसके साथ मारपीट और उसे चिता के साथ जलाने की कोशिश की.


112 की टीम ने महिला को सुरक्षित निकाला

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम तुरंत श्मशान घाट पहुंची. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बीच से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उसे सिरदला थाना लाया गया, जहां पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है.


सिरदला पुलिस के अनुसार, फिलहाल महिला की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और घटना में शामिल लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.


शादी का झांसा देकर यौन शोषण के मामले में युवक गिरफ्तार

नवादा जिले के रजौली में शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी बिन्देश्वरी प्रसाद के पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है.


पुलिस के अनुसार, न्यायालय के निर्देश के बाद रजौली थाना में पदस्थापित एएसआई जयप्रकाश चौधरी ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया. बताया गया कि वह पहले से शादीशुदा है.


प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित की मेडिकल जांच कराई गई. इसके बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.