Bihar News: बिहार के नवादा जिले में झारखंड के जंगलों से भटके जंगली हाथियों ने ऐसा आतंक मचाया है कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। आए दिन हो रहे हमलों ने ग्रामीणों की जिंदगी को असुरक्षित बना दिया है। ताजा घटना में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद अब तक मरने वालों की संख्या चार हो चुकी है।


घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले की है, जहां शनिवार सुबह करीब 60 वर्षीय बच्चू राम जंगली हाथी के हमले का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह सुबह घर से बाहर निकले थे। उसी समय पास में छिपे हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने बच्चू राम को अपनी सूंढ़ में लपेटकर ऊपर उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने अपने भारी पैरों से उन्हें कुचल दिया। इस खौफनाक हमले में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और दूर से ही देखते रह गए।


घटना के बाद हाथी वहां से निकलकर पास के खेतों और झाड़ियों में छिप गया, जिससे इलाके में और डर फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड पिछले कुछ दिनों से इलाके में घूम रहा है और लगातार लोगों को निशाना बना रहा है।


बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी इलाके में हाथियों के हमले में तीन अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों को पूरी तरह सहमा दिया है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं दिन में भी समूह में ही बाहर जा रहे हैं।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से पर्याप्त और समय पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही हाथियों को इलाके से बाहर नहीं निकाला गया, तो और भी जान-माल का नुकसान हो सकता है।


घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है।