Bihar Flood News: नवादा के कौआकोल प्रखंड स्थित सोखोदेवरा-शिवपुर डैम से 16 वर्षीय लड़के का शव मिलने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है. शुरुआती तौर पर डैम में डूबने से मौत की बात सामने आई थी, लेकिन मृतक के पिता ने पांच युवकों पर बेटे को अपने साथ ले जाकर हत्या करने और शव डैम में फेंकने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


मृतक की पहचान सुनील कुमार दास के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है. रविवार सुबह नवादा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे राकेश ने घर पर खाना खाया था. इसके बाद वह घर से करीब 500 मीटर दूर चला गया.


शाम करीब चार बजे परिजनों को सूचना मिली कि राकेश सोखोदेवरा-शिवपुर डैम में डूब गया है. जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डैम में उसकी तलाश शुरू की गई. करीब 24 घंटे की खोजबीन के बाद शनिवार शाम राकेश का शव डैम से बरामद किया गया.


राकेश के पिता सुनील कुमार दास ने बेटे की मौत को महज हादसा मानने से इनकार किया है. उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को बताया कि राकेश की करीब छह महीने से एक लड़की से बातचीत होती थी. शुक्रवार को उसी लड़की का फोन आया था, जिसे उन्होंने खुद उठाया था. इसके बाद पांच युवक राकेश को अपने साथ लेकर गए थे.


मृतक के पिता का आरोप है कि उन्हीं पांच युवकों ने राकेश की हत्या कर शव डैम में फेंक दिया. उन्होंने यह भी बताया कि करीब तीन महीने पहले उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी और उसे धमकी भी दी गई थी.


पिता के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है.


कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को शुरुआत में डैम में डूबने की सूचना मिली थी. मृतक के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस डूबने से मौत और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.


पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर राकेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी. फिलहाल हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के साथ पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.