Bihar Crime News: नवादा के रजौली में बिहार-झारखंड सीमा पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर जांच के दौरान एक लग्जरी कार से 124.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. शराब कार की डिक्की और सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने कार को जब्त करने के साथ चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है.
मामला रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित बिहार-झारखंड सीमावर्ती समेकित जांच चौकी का है. बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लेकर चौकी पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है. रविवार को जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने पश्चिम बंगाल नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली.
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने देखकर उत्पाद विभाग के जवानों को शक हुआ. जब इन हिस्सों की जांच की गई तो वहां शराब छिपाकर रखी मिली. टीम ने गुप्त तहखाने से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की.
124.20 लीटर विदेशी शराब जब्त
उत्पाद विभाग के अनुसार कार से पश्चिम बंगाल में निर्मित टेट्रा पैक में बंद ऑफिसर चॉइस और रॉयल स्टैग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई है. जब्त शराब की कुल मात्रा 124.20 लीटर बताई गई है.
जांच के दौरान शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने कार को जब्त कर लिया. मामले में कार चालक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुंआ गांव निवासी लल्लन पासवान के पुत्र राहुल पासवान के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग की टीम उससे पूछताछ कर रही है.
पूछताछ में राहुल पासवान ने बताया कि शराब की यह खेप उसे चांद नाम के व्यक्ति ने दी थी. उसे शराब की खेप बिहार के अंदर पहुंचानी थी. पुलिस अब उसके बताए व्यक्ति और शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई जांच चौकी प्रभारी सह उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार के नेतृत्व में की गई. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के तहत चितरकोली जांच चौकी पर 24 घंटे छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है.
इसी जांच के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की स्विफ्ट कार को रोका गया था. कार की तलाशी में गुप्त तहखाने से शराब बरामद होने के बाद चालक को गिरफ्तार किया गया.