Bihar News: बिहार के नवादा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। मेसकौर थाना क्षेत्र में लापता हुए एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मिर्जापुर पंचायत के सातनबीघा गांव निवासी 50 वर्षीय महताब खान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि महताब खान गुरुवार शाम किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह वजीरगंज प्रखंड के कारी पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर गांव के पास ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पास जाकर पहचान करने पर शव महताब खान का निकला।
ग्रामीणों के अनुसार शव पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मेसकौर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महताब खान बेहद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। परिवार में अब वही एकमात्र सहारा बचे थे, क्योंकि उनके दोनों भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में उनकी हत्या ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।