Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. वारसलीगंज थाना क्षेत्र के खानपुरा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की ससुराल पहुंचकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे पत्नी के भाई पर भी उसने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो चंद्रमौली सिंह की पत्नी थीं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. परिजनों के अनुसार, घटना से करीब एक दिन पहले पुलिस हस्तक्षेप के बाद पूजा को उसके ससुराल से सुरक्षित निकालकर मायके भेजा गया था, लेकिन अगले ही दिन आरोपी पति वहां पहुंच गया और वारदात को अंजाम दे दिया.
मृतका के पिता उपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका कहना है कि आरोपी और उसके परिवार के लोग 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. गुरुवार रात हुए विवाद के बाद पूजा मायके में रह रही थी.
शुक्रवार को पूजा अपने कमरे में सो रही थी. इसी दौरान उसका पति चंद्रमौली सिंह वहां पहुंचा और चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर पूजा का भाई नीतीश कुमार बहन को बचाने दौड़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया. हमले में नीतीश के पेट में गंभीर चोट लगी.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजन दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल नीतीश कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, पूजा और चंद्रमौली सिंह की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. दोनों की एक तीन वर्षीय बेटी भी है, जो अब मां के साए से वंचित हो गई है.
वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.