NAWADA: नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय रोशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी भोला कुमार (18) और गौतम कुमार (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।


जानकारी के अनुसार, तीनों युवक भदौखरा गांव से बाइक से नवादा बाजार लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक का पहिया रोशन कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि रोशन कुमार की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। वह अपने परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया गया है। सड़क पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को करीब आधे घंटे के भीतर सड़क से हटवा दिया।