NAWADA: नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड के झुनठी गांव के पास मंगलवार को चलती डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही देर में पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, डंपर सामान्य रूप से सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।


आग की लपटें तेज होती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते डंपर से छलांग लगा दी। इस वजह से उसकी जान बच गई। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा डंपर जलकर खाक हो गया।


फायर विभाग को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने फायर विभाग को सूचना दी। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही डंपर पूरी तरह जल चुका था।


फिलहाल डंपर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे में चालक के सुरक्षित बच जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।