NAWADA: लोक आस्था का महापर्व छठ की महिमा अब देश की सीमाओं को पार कर विदेशों तक पहुंच रही है। बिहार की संस्कृति और छठ पूजा की परंपराओं से प्रभावित होकर जापान की एक महिला इस महापर्व को मनाने के लिए बिहार पहुंची हैं।
जापान की रहने वाली शिक्षिका काना मियामुरा नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित पिरौटा गांव में स्थानीय महिलाओं के साथ छठ मना रही हैं। गांव की महिलाओं के साथ मिलकर काना ने पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ बनाया। इतना ही नहीं, उन्होंने छठी मैया के पारंपरिक लोकगीत भी गाए।
विदेशी लहजे में छठ गीत सुनकर ग्रामीण भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने देखा कि कैसे छठ की परंपराओं को पूरे उत्साह के जापान की महिला ने अपनाया। वह 10 नवंबर को ही नवादा के पिरौटा गांव पहुंची थीं। जहां के ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और छठ पूजा की अलग-अलग विधियों के बारे में जानकारी दी। बिहार की लोक संस्कृति, लोगों का अपनापन और प्रकृति के प्रति आस्था ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
दूसरी बार भारत आईं काना मियामुरा, छठ के लिए छोड़ा लहसुन-प्याज
पिरौटा गांव निवासी अधिवक्ता रंजन कुमार ने बताया कि उनकी मुलाकात काना मियामुरा से 2025 में तमिलनाडु में हुई थी। उस समय काना जापान से भारत के विभिन्न मंदिरों के दर्शन करने आई थीं। इस दौरान रंजन ने काना को बिहार के मंदिरों, यहां की संस्कृति और छठ मईया की महिमा के बारे में बताया।
जिसे जानकर वह काफी प्रभावित हुई। जिसके बाद काना ने संकल्प लिया कि अगली बार जब भी वो भारत आएगी महापर्व छठ मनाएगी। उसने अपना वादा भी निभाया। छठ पर्व को करने के लिए वो दशहरा के बाद ही जापान से बिहार पहुंच गईं। बिहार पहुंचते ही उसने लहसुन और प्याज खाना छोड़ दिया। वह शुद्ध शाकाहारी भोजन करने लगी। अब वह महापर्व छठ पूरे विधि विधान के साथ कर रही हैं।
बिहार की संस्कृति ने विदेशी मेहमान का जीता दिल
गांव के लोगों का कहना है कि काना मियामुरा का छठ मनाने के लिए जापान से बिहार आना इस बात का प्रमाण है कि बिहार की लोक संस्कृति और परंपराएं दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य उपासना, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। जापान से आई काना मियामुरा की इस पहल ने बिहार की सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।