Bihar Weather News: बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई. हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव की है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मौसम अचानक खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई. इस दौरान खेत में काम कर रहे लोग बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. इसी बीच तेज गर्जन के साथ अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई. इसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं.
मृतकों में तीन किसान और एक नाबालिग बच्चा शामिल बताया जा रहा है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल नारदीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलसी दोनों महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
नवादा से सोनू की रिपोर्ट