Bihar Road Accident: बिहार के नवादा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर बंगाल से पटना जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी. हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना रजौली स्थित स्वास्तिक होटल के पास की है.


मृत बच्चे की पहचान अयांश शर्मा (3 वर्ष), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई है. वहीं हादसे में करण शर्मा, फूलवती देवी (55 वर्ष), अनिता कुमारी (37 वर्ष), प्रीति शर्मा (17 वर्ष) और अंजली शर्मा (30 वर्ष) घायल हुई हैं. सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं.


टैंकर में पीछे से टकराई का

जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार में सवार सभी लोग पश्चिम बंगाल से पटना जा रहे थे. शुक्रवार सुबह रजौली के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचाया गया.


अस्पताल में डॉ. गजेंद्र कुमार ने घायलों की जांच की. इस दौरान तीन वर्षीय अयांश शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया. हादसे में प्रीति शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया है. वहीं फूलवती देवी, करण शर्मा, मंटू शर्मा और अनिता कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. एक अन्य घायल का इलाज रजौली में जारी है.


घटना की जानकारी मिलने पर एसआई जयप्रकाश चौधरी और एसआई सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे. रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.