NALANDA: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर अरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स के एमडी उमेश कुमार उर्फ भोला बाबू पटना से नालंदा के औंगारी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में आयोजित मेला प्राधिकरण के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
औंगारी स्थित सूर्य मंदिर परिसर में रिबन काटकर मेला प्राधिकरण का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, विधायक रोहिल रंजन और सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मेला प्राधिकरण एवं सूर्य मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ने उमेश कुमार का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों का विवरण भी उन्हें सौंपा।
उमेश कुमार ने सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर परिसर का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के विकास में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के लिए आईटी प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने की भी बात कही। उनका कहना था कि इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
इसके अलावा, उन्होंने पुराने धर्मशाला को आधुनिक कम्युनिटी हॉल के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया। इससे स्थानीय लोगों को सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उमेश कुमार की इन घोषणाओं से स्थानीय लोगों में क्षेत्र के विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।