Bihar News: घर में खुशी का माहौल था। परिवार मुंडन संस्कार की तैयारियों में जुटा था और सभी अपने बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि जिसका बेसब्री से इंतजार हो रहा है, वह अब कभी घर नहीं पहुंचेगा। नालंदा जिले में हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन लीं।


मामला नालंदा जिले के मोहनी हाल्ट के पास का है, जहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।


पुलिस को घटनास्थल से एक आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान भोजपुर जिले के छीना गांव निवासी रंजन प्रसाद के 26 वर्षीय पुत्र अजय कुमार प्रसाद के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


परिजनों ने बताया कि अजय कुमार प्रसाद दिल्ली में रहकर काम करते थे। कुछ दिन पहले उन्होंने फोन कर परिवार को घर लौटने की जानकारी दी थी। घर में एक बच्चे का मुंडन संस्कार होना था, जिसमें शामिल होने के लिए वह अपने गांव आ रहे थे। बेटे के आने की खबर से परिवार काफी खुश था और तैयारियां भी जोरों पर चल रही थीं।


बताया जाता है कि घर लौटने से पहले अजय राजगीर पहुंचे थे। वहां उन्होंने मलमास मेला और विभिन्न धार्मिक स्थलों का दर्शन किया। दर्शन करने के बाद वह ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नालंदा जिले के मोहनी हाल्ट के पास किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


उधर, जैसे ही अजय की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक खुशी और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।