Viral Video: बिहार के नालंदा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक युवक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर देसी कट्टा लहराते हुए महिला डांसर के साथ डांस करता नजर आ रहा है. घटना सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.


मामला सिलाव थाना क्षेत्र के थानु बिगहा गांव का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को गांव में आयोजित एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान कई युवक भोजपुरी गीतों पर डांस कर रहे थे. इसी बीच एक युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर स्टेज पर पहुंच गया और बेखौफ अंदाज में उसे हवा में लहराते हुए डांस करने लगा.


वायरल वीडियो में युवक कई बार महिला डांसर के बेहद करीब जाकर हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई देता है. इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर कट्टा महिला डांसर को देने की भी कोशिश करता है, लेकिन डांसर उसे लेने से साफ इनकार कर देती है. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग तमाशा देखते रहे और किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.


वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि अगर इस दौरान हथियार से फायरिंग हो जाती या कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती.


सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और युवक की पहचान हो जाती है, तो उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.