Bihar News: नालंदा जिले में जितिया पर्व के दिन अलग-अलग जगहों पर नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे दीपनगर, मानपुर और छबीलापुर थाना क्षेत्रों में हुए। घटनाओं के बाद पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। जिन माताओं ने अपने बच्चों की लंबी उम्र की कामना को लेकर जिउतिया का व्रत रखा था, उन्हें उसी दिन अपने बच्चों की मौत की खबर मिली।



पहली घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के बियाबानी गांव की है। गांव निवासी 14 वर्षीय मोहित राज अपनी मां के साथ जितिया पर्व के मौके पर पंचाने नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।



दूसरी घटना मानपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव की है। यहां 12 वर्षीय पूनम कुमारी की जीराइन नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि जितिया पर्व को लेकर परिवार के लोग नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के बाद सभी घर लौट आए, लेकिन पूनम घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान राहगीरों ने नदी में बच्ची को डूबा हुआ देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों ने बच्ची को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।



तीसरी घटना छबीलापुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव की है। शनिवार शाम जितिया पर्व के मौके पर 10 वर्षीय हिमांशु राज अपनी मां के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हिमांशु राज, मनीष कुमार का पुत्र था।



तीनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। जितिया पर्व के दिन हुए इन हादसों से तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।