Bihar Crime News: नालंदा जिले से दहेज हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है. करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरथू गांव में एक 29 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और ससुर की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.


मृतका की पहचान पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र के जगजानपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद की बेटी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. प्रियंका की शादी 29 जून 2020 को बेरथू गांव निवासी कृष्णा महतो के बेटे अमरजीत कुमार के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही वह अपने ससुराल में रह रही थी.


मृतका की मां रिंकू देवी ने करायपरसुराय थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि शादी के समय उनकी क्षमता के अनुसार दहेज, नकद और अन्य जरूरी सामान दिया गया था. इसके बावजूद पति अमरजीत कुमार, ससुर कृष्णा महतो और सास सुनीता देवी लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.


परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात गांव के कुछ लोगों ने फोन कर प्रियंका की मौत की सूचना दी. खबर मिलते ही परिवार के लोग ससुराल पहुंचे, जहां प्रियंका का शव घर में पड़ा मिला. मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले प्रियंका को जहर दिया और फिर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए.


प्रियंका अपने पीछे पांच साल की एक बेटी और तीन साल का एक बेटा छोड़ गई है. मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी इस घटना के बाद शोक और गुस्से का माहौल है.


करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका की मां के आवेदन पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.


पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपित सास सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.