Bihar Cyber Crime: बिहार के नालंदा जिले में चारधाम यात्रा के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कतरीसराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुंदरपुर गांव के खेत से चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक खेत में बैठकर मोबाइल के जरिए लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खेत में कुछ युवक लगातार फोन पर “हेलो-हेलो” कर लोगों से बात कर रहे थे। पुलिस को शक हुआ तो चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदरपुर निवासी अंकित कुमार, बॉबी कुमार, सूरज कुमार और अमन कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी कतरीसराय थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से छह स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, कई फर्जी सिम कार्ड और साइबर ठगी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बिहार ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में लोगों को अपना निशाना बना रहा था। आरोपी खुद को “हिमालयन हेली सर्विस” का प्रतिनिधि बताकर लोगों को चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन और तीर्थस्थलों के पैकेज का झांसा देते थे।
गिरोह हेलिकॉप्टर, ट्रेन और बस बुकिंग कराने का भरोसा देकर पहले एडवांस के नाम पर यात्रा राशि का करीब 30 प्रतिशत ऑनलाइन जमा कराता था। इसके बाद टिकट कन्फर्म होने का बहाना बनाकर बाकी रकम भी वसूल ली जाती थी। पैसा मिलते ही आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे।
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में ठगी की बात स्वीकार की है। बरामद मोबाइल और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे होने की संभावना है।