Bird Flu in Bihar: बिहार के नालंदा जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग अलर्ट हो गया है। बिहारशरीफ स्थित डीएम आवास परिसर में मृत मिले चार कौओं के सैंपल की जांच में एच5एन1 (H5N1) वायरस पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।



प्रशासन की ओर से डीएम आवास परिसर से लेकर डीएम कॉलोनी तक दवा का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा शहर के आसपास 12 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी पोल्ट्री फार्मों को सर्विलांस पर रखा गया है। इन फार्मों से मुर्गियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि संक्रमण की आशंका का समय रहते पता लगाया जा सके।



दरअसल, छह नवंबर को डीएम आवास परिसर में चार कौए मृत पाए गए थे। इनके सैंपल जांच के लिए पहले पटना, फिर कोलकाता और अंत में भोपाल भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद शनिवार को पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना की चार सदस्यीय राज्यस्तरीय टीम बिहारशरीफ पहुंची। टीम में डॉ. प्रिय रंजन, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार वर्मा और डॉ. संजय कुमार शामिल थे।



विशेषज्ञों की टीम ने जिला पशुपालन पदाधिकारी के साथ बैठक कर संक्रमण की स्थिति और बचाव के उपायों की समीक्षा की। इसके बाद नगर निगम के सहयोग से डीएम आवास परिसर और डीएम कॉलोनी में दवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही आसपास के पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है।



जिला पशुपालन पदाधिकारी के अनुसार, इस मौसम में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी और बतख जिले के जलाशयों में पहुंचते हैं। आशंका है कि इनके जरिए वायरस जिले में आया हो। संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से कौओं में संक्रमण फैल सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक जिले के किसी भी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है और न ही मुर्गियों की असामान्य मौत का कोई मामला सामने आया है।



एहतियात के तौर पर जिले के सभी पशु चिकित्सकों और कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं, जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी मृत या बीमार पक्षी को नंगे हाथों से न छुएं। कहीं भी पक्षियों की असामान्य मौत दिखाई देने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचना दें।



गौरतलब है कि बर्ड फ्लू का H5N1 वायरस इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। ऐसे में पक्षियों के संपर्क में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।