NALANDA: नालंदा के कराय परसुराय थाना क्षेत्र के बिनशा गांव में गुरुवार को खेत में मिट्टी की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से एक मूर्ति मिलने की खबर से इलाके में हलचल मच गई।
जेसीबी से खुदाई के दौरान प्रतिमा दिखाई देने के बाद उसे बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने प्रतिमा को भगवान विष्णु की प्रतिमा बताया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौके पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
JCB से खुदाई के दौरान दिखाई दी प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, बिनशा गांव निवासी गंगा पासवान के खेत में जेसीबी से मिट्टी की कटाई-खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर प्रतिमा दिखाई दी। खुदाई कर उसे बाहर निकाला गया।
प्रतिमा सामने आने के बाद ग्रामीणों ने इसे भगवान विष्णु की प्रतिमा बताया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रतिमा अष्टधातु की प्रतीत हो रही है। हालांकि, प्रतिमा किस धातु की बनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए जांच की आवश्यकता है।
साफ सफाई कर प्रतिमा की शुरू हुई पूजा
प्रतिमा मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसे साफ किया और एक स्थान पर स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। महिलाओं ने भक्ति गीत गाए और भगवान विष्णु की स्तुति की। देखते ही देखते खेत के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। ढोल-मंजीरे की आवाज के बीच ग्रामीण भगवान विष्णु के जयकारे लगाने लगे। कुछ लोग पूजा की तैयारी में जुटे, जबकि कुछ ग्रामीणों ने मौके पर पंडाल लगाने की तैयारी भी शुरू कर दी।
प्रतिमा को लेकर ग्रामीणों में कौतूहल
जमीन के अंदर से प्रतिमा मिलने की खबर आसपास के गांवों में भी तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा को देखने के लिए बिनशा गांव पहुंचने लगे।
प्रतिमा को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, प्रतिमा वास्तव में भगवान विष्णु की है या इसकी ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक पहचान क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसी तरह इसके अष्टधातु से बने होने की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल प्रतिमा मिलने के बाद बिनशा गांव में उत्सुकता के साथ धार्मिक माहौल बना हुआ है।