Bihar Crime News: नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराबिगहा गांव में सोमवार को एक शादीशुदा युवक का शव ट्रांसफॉर्मर के पोल से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अरुण पासवान के 32 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र पासवान के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया.
धर्मेंद्र का शव ट्रांसफॉर्मर के पोल के एंगल से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला था. परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या करने के बाद शव को पोल से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं से कर रही है.
दो साल से युवती से प्रेम प्रसंग का आरोप
मृतक के पिता अरुण पासवान के अनुसार, धर्मेंद्र की शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बेटे हैं. वह चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था और 21 अगस्त को ही गांव लौटा था. परिजनों का आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद धर्मेंद्र का एक युवती से करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
परिजनों के मुताबिक, रविवार को धर्मेंद्र अपनी प्रेमिका से मिलने गया था. इसके बाद वह घर लौटा और दोस्तों के साथ समय बिताया. शाम में वह दोबारा युवती से मिलने चला गया. वहां से लौटने के बाद पत्नी और परिवार के लोगों ने उसे फटकार भी लगाई थी.
धर्मेंद्र के पिता ने आरोप लगाया कि प्रेमिका के पिता और उसके स्वजन ने मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी. उनका दावा है कि हत्या के बाद शव को चारपहिया वाहन से गांव लाया गया और महतो जी के खेत के पास ट्रांसफॉर्मर के पोल पर लटका दिया गया.
परिजनों के अनुसार, घटनास्थल के पास धर्मेंद्र का गमछा भी मिला है. इसी आधार पर उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है.
घटना के बाद शव जिस स्थिति में मिला, उसे लेकर भी ग्रामीणों और परिजनों ने सवाल उठाए हैं. परिवार के लोगों के अनुसार, धर्मेंद्र का शव ट्रांसफॉर्मर के पोल के एंगल से गमछे के सहारे लटका हुआ था और उसके पैर जमीन से सटे हुए थे. इसी वजह से परिजनों ने आत्महत्या के बजाय हत्या की आशंका जताई है.
मंगलवार सुबह एक किसान ने धर्मेंद्र का शव लटके होने की जानकारी ग्रामीणों को दी. इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सूचना मिलने पर नूरसराय थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही धर्मेंद्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.