Bihar Crime News: नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर एक मजदूर की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ने का मामला सामने आया है. पपरनौसा गांव के खंधा से रविवार को पुलिस ने जमीन खोदकर 45 वर्षीय मजदूर सुरेन्द्र मांझी का शव बरामद किया. हत्या का आरोप गांव के ही मजदूर ठेकेदार मुकेश यादव और उसके सहयोगियों पर लगाया गया है. वहीं, मृतक की मौसेरी बहन की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है.


मृतक इस्लामपुर थाना क्षेत्र के नीलकंठ बिगहा गांव का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पुलिस को एक ग्रामीण ने सूचना दी थी कि पपरनौसा गांव के खंधे में कुछ लोग एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला.


इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. रविवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने खंधे में जमीन की खुदाई कराई. खुदाई के दौरान सुरेन्द्र मांझी का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.


पुलिस की शुरुआती जांच में रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मुकेश यादव की मृतक की मौसेरी बहन से पहले से जान-पहचान थी. इसी के माध्यम से करीब डेढ़ साल पहले मुकेश ने सुरेन्द्र को मजदूरों की व्यवस्था करने के लिए लगभग साढ़े चार लाख रुपये दिए थे.


आरोप है कि रुपये लेने के बाद सुरेन्द्र ने न तो खुद मजदूरी की और न ही दूसरे मजदूरों की व्यवस्था की. इसके बाद वह काम करने के लिए दूसरे राज्य चला गया था. दो दिन पहले ही वह वापस गांव लौटा था.


बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मृतक की मौसेरी बहन ही उसे नीलकंठ बिगहा लेकर आई थी. इसके बाद मुकेश यादव ने उससे अपने रुपये वापस करने की मांग की. रुपये नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि मुकेश यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सुरेन्द्र की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को खंधे में जमीन के अंदर गाड़ दिया गया.


नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मृतक की मौसेरी बहन की भूमिका समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


पावापुरी में घर में सो रहे युवक की हत्या, सुबह बिस्तर पर मिली लाश, परिजनों ने विवाद से किया इनकार


नालंदा के पावापुरी इलाके में घर में सो रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. गिरियक थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव के वार्ड संख्या 4 में शनिवार रात हुई इस घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब युवक की लाश बिस्तर पर मिली.


मृतक की पहचान सुरेश चौधरी के 35 वर्षीय पुत्र रंजीत चौधरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय रंजीत घर में अकेला था. सुबह बिस्तर पर शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया.


घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.


मृतक के परिजनों ने किसी से दुश्मनी या विवाद होने की बात से इनकार किया है. वहीं, गांव में कुछ लोगों के बीच लाठी-डंडे से पीटकर हत्या किए जाने की चर्चा है. हालांकि, पुलिस की जांच में अभी हत्या के तरीके और कारण की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है.


स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर घर में मारपीट हुई होती तो शोर सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हो सकती थी. लेकिन सुबह तक किसी को घटना के बारे में पता नहीं चला. सुबह रंजीत की लाश मिलने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.


पिता के बयान पर गिरियक थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारण और आरोपितों की पहचान करने में जुटी है.