JDU Leader Arrest: नालंदा में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हथियार बरामदगी के एक मामले में वांछित बाबर रविवार की रात लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था. इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिल गई और बिहार थाना व लहेरी थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.


पुलिस के अनुसार, बाबर मल्लिक मई 2025 में सामने आए हथियार बरामदगी के मामले में आरोपित था. इस मामले में उसके भाई के घर से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था. इसके बाद पुलिस ने बाबर को भी इस केस में आरोपित बनाया था. मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.


रविवार रात पुलिस को जानकारी मिली कि बाबर मल्लिक लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा है. सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस ने लहेरी थाना की टीम के साथ मिलकर होटल में छापेमारी की. पुलिस ने मौके से ही उसे गिरफ्तार कर लिया.


हथियार बरामदगी मामले में था फरार

डीएसपी अमरनाथ ने बाबर मल्लिक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि वह हथियार बरामदगी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में उसकी भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.


इस कार्रवाई में बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, पीएसआई परंतु कुमार यादव, पीएसआई सौरभ कुमार और पीएसआई सुमन सौरभ समेत बिहार और लहेरी थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.