MUZAFFARPUR: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का खुमार उत्तर प्रदेश के एक युवक पर इस कदर चढ़ा कि वह महज 50 रुपये लेकर करीब 350 किलोमीटर दूर बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गया। युवक का दावा है कि वह अपनी पांच साल पुरानी इंस्टाग्राम प्रेमिका ‘खुशबू’ की तलाश में यहां आया है। दिनभर शहर और आसपास के इलाकों में प्रेमिका को खोजने के बाद जब उसके पास ऑटो का किराया देने तक के पैसे नहीं बचे, तो ऑटो चालक उसे काजीमोहम्मदपुर थाने ले गया।


पांच साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला युवक पेशे से ट्रक खलासी है। करीब पांच साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी बातचीत मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशबू नाम की युवती से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक के मुताबिक यह दोस्ती प्यार में बदल गई।


बताया जा रहा है कि युवक इस रिश्ते को लेकर इतना गंभीर हो गया कि बिना किसी को बताए मिर्जापुर से मुजफ्फरपुर के लिए निकल पड़ा। जेब में महज 50 रुपये लेकर वह करीब 350 किलोमीटर का सफर तय कर यहां पहुंचा। इसके बाद सरैया जाने के लिए उसने ऑटो लिया और दिनभर इलाके में घूमकर खुशबू का पता लगाने की कोशिश करता रहा।


ऑटो का किराया देने के पैसे नहीं बचे तो थाने पहुंचा

दिनभर तलाश करने के बावजूद जब युवक को खुशबू का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके सामने ऑटो का किराया चुकाने की परेशानी खड़ी हो गई। उसकी जेब में बचे 50 रुपये भी खर्च हो चुके थे। किराया नहीं मिलने पर ऑटो चालक उसे काजीमोहम्मदपुर थाने ले गया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।


पुलिस ने युवक से पूछताछ करने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों से बात होने के बाद उन्हें राहत मिली। उन्होंने पुलिस को बताया कि युवक खुशबू को मन ही मन अपनी पत्नी मान चुका है और पिछले कई वर्षों से उसके इस जुनून को लेकर परिवार परेशान है।


परिजनों ने पुलिस से आग्रह किया कि वे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो चुके हैं, इसलिए उनके पहुंचने तक युवक को थाने में ही रखा जाए।


मिर्जापुर लौटने से इनकार, मुजफ्फरपुर में काम करने की जिद

थाने में मौजूद युवक अभी भी अपनी जिद पर कायम है। उसने पुलिस और परिजनों के सामने मिर्जापुर लौटने से साफ इनकार कर दिया है। युवक का कहना है कि वह अब मुजफ्फरपुर में ही रहकर कोई काम या नौकरी करेगा और अपनी प्रेमिका खुशबू को खोजकर ही वापस जाएगा।


फिलहाल, काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस युवक को समझाने का प्रयास कर रही है और उसके परिजनों के मुजफ्फरपुर पहुंचने का इंतजार कर रही है। पांच साल पुराने सोशल मीडिया प्रेम और प्रेमिका की तलाश में 350 किलोमीटर दूर पहुंचे युवक की यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।