Tirhut Township News: मुजफ्फरपुर में तिरहुत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना को लेकर जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों और भू-स्वामियों को बड़ी राहत मिली है. परियोजना क्षेत्र के चार अंचलों के 68 मौजों की जमीन को रोक सूची से बाहर कर दिया गया है. सरकार के आदेश के बाद शनिवार को इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. अब सोमवार से इन मौजों में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री शुरू हो सकेगी.
जिला अवर निबंधक अजय कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित जमीन को रोक सूची से हटा दिया गया है. इसके बाद अब जमीन के मालिक अपनी जमीन की रजिस्ट्री करा सकेंगे. लंबे समय से जमीन के लेनदेन पर लगी रोक के कारण कई भू-स्वामी परेशान थे. जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण नहीं हो पाने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा था.
दरअसल, अप्रैल 2026 में तिरहुत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना को लेकर कांटी, कुढ़नी, मड़वन और मुशहरी अंचल के 68 मौजों की करीब 1191 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई थी. नगर विकास एवं आवास विभाग ने 23 अप्रैल 2026 को मास्टर प्लान अधिसूचित होने तक जमीन के अनियोजित इस्तेमाल और बेतरतीब निर्माण को रोकने के उद्देश्य से यह प्रतिबंध लगाया था.
इस फैसले के बाद इन मौजों के जमीन मालिक अपनी जमीन का लेनदेन नहीं कर पा रहे थे. कई परिवारों को जमीन बेचने और दूसरे के नाम हस्तांतरित करने में परेशानी हो रही थी.
800 एकड़ में बनेगा कोर एरिया, 20,200 एकड़ में होगा विकास
तिरहुत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित एक बड़ी शहरी विकास परियोजना है. इसके तहत 800 एकड़ जमीन को कोर एरिया और 20,200 एकड़ को स्पेशल एरिया के रूप में चिह्नित किया गया है. परियोजना का उद्देश्य भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित शहरी ढांचा, बुनियादी सुविधाएं और आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करना है.
जमीन की रजिस्ट्री होगी, लेकिन मनमाने निर्माण पर रोक
राज्य मंत्रिमंडल के अक्टूबर में लिए गए फैसले के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने जमीन पर लगी रोक हटाने की अधिसूचना जारी की थी. इसके बाद अब संबंधित 68 मौजों को रोक सूची से बाहर कर दिया गया है.
हालांकि, जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति मिलने का मतलब यह नहीं है कि भू-स्वामी अपनी जमीन पर मनमाने तरीके से निर्माण करा सकेंगे. यहां होने वाले सभी निर्माण कार्य अधिसूचित विकास योजना, मास्टर प्लान और डीसीआर के नियमों के अनुसार ही करने होंगे.