MUZAFFARPUR: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार बदलाव यात्रा के तहत आज मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के एक दिवसीय दौरे पर रहे। मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड में जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान करने वाले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भड़क गये। कहने लगे कि ये लोग सामाजिक न्याय का नारा देकर लोगों को आपस में लड़ाकर राजनीति करना चाहते हैं। लालू यादव बाबा साहेब की तस्वीर के सामने पैर पर पैर रखकर बैठे रहे, ऐसा उनकों नहीं करना चाहिए। 


प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले 30 सालों से लालू यादव सिर्फ सामाजिक न्याय का नारा देकर अपने परिवार और अपने बच्चों का भला कर रहे हैं। उनके पास न तो कोई विजन है और न ही वो समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं। वो सिर्फ लोगों को जाति के आधार पर लड़ाकर राजनीति करना चाहते हैं।


पीके ने कहा कि पिछले 30 सालों में बिहार में सिर्फ भ्रष्टाचार किया है और पूरे बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री में बदल दिया है। और अगर उन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर पर पैर रखा है तो ये अपमानजनक बात है। इसके साथ ही उनके सहयोगी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि संविधान लेकर घूमने वाले राहुल गांधी को भी इस पर जवाब देना चाहिए। क्या उनमें इस पर टिप्पणी करने की हिम्मत है?