Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अंधविश्वास और भीड़ की हिंसा का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। फकुली थाना क्षेत्र के फतेपुर कस्तूरी गांव में एक महिला को ‘डायन’ बताकर ग्रामीणों ने उसके घर पर हमला कर दिया। इस दौरान पत्नी को बचाने पहुंचे 72 वर्षीय बुजुर्ग मोहम्मद हदीम की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग पिछले तीन दिनों से महिला को डायन बताकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि शनिवार की सुबह करीब 6 से 7 लोगों का समूह अचानक उनके घर पर चढ़ आया और गाली-गलौज करते हुए हमला शुरू कर दिया। घर में अफरा-तफरी मच गई और महिला को निशाना बनाकर मारपीट की जाने लगी।
इसी बीच, अपनी पत्नी को बचाने के लिए मोहम्मद हदीम आगे आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें धक्का दिया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच कर रहे अधिकारी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लोग महिला को डायन बताकर परेशान कर रहे थे। इसी दौरान धक्का लगने से बुजुर्ग गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने यह भी बताया कि मोहम्मद हदीम पहले से दिल की बीमारी से पीड़ित थे और हाल ही में अपने पोते की मौत के कारण मानसिक रूप से भी परेशान थे। ऐसे में यह घटना परिवार के लिए और भी बड़ा सदमा बनकर आई है।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।