मुजफ्फरपुर: सात फेरों के साथ शुरू हुआ रिश्ता 28 साल बाद ऐसा मोड़ लेगा, शायद सुमन कुमारी ने कभी सोचा भी नहीं होगा। जिस घर में वह वर्ष 1998 में दुल्हन बनकर आई थीं, उसी घर से आज उन्हें कथित तौर पर मारपीट कर बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली और जब पहली पत्नी ने इसका विरोध किया तो विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में उनका पैर टूट गया।

मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के बड़ी कोठियां गांव का है। पीड़िता सुमन कुमारी ने बुधवार को मुशहरी थाने में अपने पति बैद्यनाथ कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर दूसरी शादी करने, दहेज में वाहन और अन्य सामान की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है।

28 साल पहले लिए थे सात फेरे, अब उसी रिश्ते पर संकट

सुमन कुमारी के मुताबिक उनकी शादी 7 मई 1998 को बैद्यनाथ कुमार यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद उन्होंने पति के साथ अपना घर-परिवार बसाया। लेकिन आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उन्हें लगातार परेशान किया जाता रहा। पीड़िता का दावा है कि इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है। इतना ही नहीं, उस महिला से एक बेटी होने की भी जानकारी उन्हें मिली। यह खबर सामने आने के बाद पति-पत्नी के रिश्ते में तनाव और बढ़ गया। एक तरफ 28 साल पुरानी शादी, दूसरी तरफ कथित दूसरी शादी... सुमन के लिए यह स्थिति किसी सदमे से कम नहीं थी।

दूसरी शादी का विरोध किया तो बिगड़ गया मामला

पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 7 अगस्त 2026 की शाम उनके पति घर पहुंचे। दूसरी शादी को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।आरोप है कि पत्नी द्वारा दूसरी शादी का विरोध किए जाने पर बैद्यनाथ कुमार यादव उग्र हो गए। उन्होंने सुमन के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और घर छोड़कर चले जाने के लिए कहा। मामला यहीं नहीं रुका। सुमन के मुताबिक अगले दिन यानी 8 अगस्त को उनके मायके से परिजन पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 की पुलिस टीम को दी गई।

मारपीट के बाद टूटा पैर, अस्पताल में हुआ प्लास्टर

पुलिस के पहुंचने के बाद घायल सुमन को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान उनका पैर टूटा हुआ पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में उनके पैर पर प्लास्टर किया गया। अब पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुशहरी थानेदार सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिकायत के बाद पुलिस आरोपी शिक्षक की तलाश में जुटी है।

एक तरफ पति पर आरोप, दूसरी तरफ ज्वेलर्स दुकान में ढाई लाख की चोरी

मुजफ्फरपुर में इसी बीच अपराध की एक और घटना सामने आई है। देवरिया थाना क्षेत्र में थाने से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलर्स दुकान से बदमाशों ने करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।दुकानदार चंदन कुमार वर्मा के अनुसार बुधवार को वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। दोनों में से एक ने सोने के आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार के मुताबिक जैसे ही वह आभूषण दिखाने लगा, बदमाशों ने मौका देखकर सोने की 24 पीस हनुमानी उठाई और बाइक से फरार हो गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के सामने दो बड़ी चुनौती

एक घटना में 28 साल पुरानी शादी से जुड़ा घरेलू विवाद है, जिसमें पत्नी ने दूसरी शादी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी घटना में पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।देवरिया थानेदार रोहित कुमार ने बताया कि दुकानदार की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर सकती है।

फिलहाल मुशहरी मामले में पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। लेकिन 28 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के बीच दूसरी शादी और मारपीट के आरोप ने इलाके में चर्चा जरूर तेज कर दी है।