MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवर्षा साह में दशहरा के अवसर पर 51 फीट के विशाल रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मेला देखने के लिए लाखों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। रावण वध का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
मेला कमेटी के सदस्य जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोनवर्षा साह में पिछले करीब 40 वर्षों से लगातार रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और अग्निशमन की समुचित व्यवस्था की गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर अग्निशमन वाहन भी तैनात रहा।
वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया पुलिस बल के साथ मुस्तैद नजर आए। एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष चंद्रा ज्ञानी ने भी मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रमुख सदस्य जगदेव सहनी, प्रमोद कुमार, शिवशंकर साह, दिनेश सिंह, विक्रम कुमार, सुमन कुमार और राजेंद्र साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुजफ्फरपुर से राजन की रिपोर्ट