Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार का ऐसा मामला उजागर किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां—दादा, पिता और पोता—मिलकर स्मैक बेचने का धंधा चला रहे थे. पुलिस ने छापेमारी कर 19 वर्षीय राहुल कुमार को 1000 पुड़िया (करीब 367.5 ग्राम) स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है. वहीं इस पूरे नेटवर्क का सरगना बताया जा रहा दादा शिवशंकर शर्मा मौके से फरार हो गया. राहुल का पिता ओमप्रकाश शर्मा भी पुलिस की तलाश में है.
पुलिस के अनुसार, कालीबाड़ी रोड के पास एक झोपड़ी को स्मैक रखने और छोटी-छोटी पुड़िया बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. पूछताछ में राहुल ने बताया कि दादा और पिता बड़ी मात्रा में स्मैक लाते थे और उसी झोपड़ी में उसकी पैकिंग करते थे. इसके बाद तैयार पुड़ियों को बेचने का काम राहुल करता था.
छापेमारी के दौरान राहुल की जेब से 100 पुड़िया स्मैक बरामद हुई. इसके बाद जब पुलिस ने झोपड़ी की तलाशी ली तो बिस्तर के नीचे छिपाकर रखी गई 900 पुड़िया स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से अन्य जरूरी सामान भी जब्त किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे कारोबार में परिवार के तीनों सदस्य अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे थे. दादा और पिता स्मैक खरीदने, उसकी पैकिंग करने और स्टॉक संभालने का काम करते थे, जबकि राहुल शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर ग्राहकों तक स्मैक पहुंचाता था. घटना वाले दिन भी वह 100 पुड़िया लेकर सप्लाई करने निकला था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
मिठनपुरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने फरार दादा शिवशंकर शर्मा और पिता ओमप्रकाश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन दोनों फरार मिले. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.