Bihar Flood News: मुजफ्फरपुर जिले में नारायणी गंडक नदी के पुराने तटबंध के टूटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पारू प्रखंड के जयमल डुमरी के बाद अब साहेबगंज प्रखंड के माधोपुर हजारी में तटबंध टूट गया है। तटबंध टूटने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बाढ़ का पानी तेजी से नए क्षेत्रों में फैल रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्यों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। साहेबगंज के माधोपुर हजारी में बांध टूटने की सूचना के बाद मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ जिले के संबंधित वरीय अधिकारी और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत माधोपुर हजारी रिंग बांध, वार्ड नंबर-01 तथा माधोपुर हजारी मुख्य बांध का निरीक्षण किया और क्षेत्र में बाढ़ एवं जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने रिंग बांध की वर्तमान स्थिति, बांध की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं से बांध की स्थिति, जलस्तर तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रिंग बांध की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में बालू भरे बोरे, मिट्टी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किया जा सके।
डीएम ने स्थानीय स्तर पर जलस्तर और बांध की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी अलर्ट मोड में रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।