Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केशव चौक पर कुछ उपद्रवियों ने छत से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस पथराव में सड़क से गुजर रहे 6 से अधिक राहगीर घायल हो गए, जबकि बुलडोजर का शीशा भी टूट गया। गनीमत रही कि बुलडोजर चालक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (इओ) मो. फिरोज और दारोगा दिग्विजय सिंह बाल-बाल बच गए।



अतिक्रमणकारियों को गुरुवार तक स्वयं अवैध कब्जा हटाने की मोहलत दी थी, लेकिन कई दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने नवल किशोर चौक से बुलडोजर के सहारे कार्रवाई शुरू की, जिसका फुटपाथी फल दुकानदारों ने विरोध किया। केशव चौक के पास सालों से बंद पड़े विपणन केंद्र के सामने फल की दुकानें लगाए कुछ दुकानदारों ने जेसीबी को रोक दिया और इसी दौरान छत से पथराव शुरू हो गया।



घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस को देखते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अभियान जारी रखते हुए केशव चौक के अलावा ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट तक अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान कई होटल, फुटपाथ पर कपड़े बेचने वालों की टीन की दुकानें व शेड ध्वस्त किए गए तथा केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल विक्रेताओं की गुमटियां हटाई गईं।



पथराव के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक की कथित तौर पर ईंट फेंकते तस्वीर वायरल हुई, जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान कर रही है। साहेबगंज के थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि इओ मो. फिरोज ने घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- राजन कुमार, मुजफ्फरपुर