Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रतिबंधित मांस कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को मेहंदी हसन चौक स्थित बाटा गली, कुरैशी गली और मस्जिद गली में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।


ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को लिखित शिकायत मिली थी कि इलाके में चोरी-छिपे प्रतिबंधित मांस की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा, एसडीएम तुषार कुमार, वेटनरी डॉक्टर और पुलिस टीम ने इलाके को चारों ओर से घेरकर कार्रवाई शुरू की।


अचानक हुई छापेमारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। वहीं पुलिस टीम के पहुंचते ही कारोबार से जुड़े कई लोग मौके से फरार हो गए।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस बरामद किया। इसके अलावा करीब 12 मवेशियों को मुक्त कराया गया, जिनमें 10 बछड़े शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहनों को भी जब्त किया है। बरामद मांस को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह प्रतिबंधित श्रेणी का है या नहीं।


एसडीएम तुषार कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वहीं एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने कहा कि इससे पहले भी इलाके की कई दुकानों को सील किया गया था, लेकिन इस बार कुछ दुकानों की सील टूटी मिली। अब यह जांच की जा रही है कि सरकारी सील किसने और कैसे तोड़ी।


पुलिस के अनुसार मामले में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। सरकारी सील तोड़ने के मामले में अलग से केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।