Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में शराब तस्कर की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर देर रात हमला कर दिया गया. दामोदरपुर गांव में छापेमारी के दौरान असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए. इस हमले में एक महिला सिपाही समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.


जानकारी के अनुसार पारू थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में एक शराब कारोबारी बड़ी खेप के साथ मौजूद है.सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम सोमवार देर रात करीब 2 बजे गांव में छापेमारी करने पहुंची. पुलिस ने जैसे ही चिन्हित शराब धंधेबाज को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही उसके समर्थन में कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.


देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और असामाजिक तत्व मौके पर जुट गए और पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद अचानक पुलिस पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू हो गई. अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया और उसके पिछले हिस्से को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया.


इस हमले में महिला सिपाही पुष्पा कुमारी समेत कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.प्राथमिक उपचार के दौरान चार पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया.


गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों में सन्नी कुमार, पुलकित कुमार, रामभरोस यादव और महिला सिपाही पुष्पा कुमारी शामिल हैं. वहीं मो. मुमताज, अजय कुमार, पंकज कुमार और विवेक कुमार का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस थाने भेज दिया गया.


घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए. पारू थाना पुलिस और जिला बल की अतिरिक्त टीमों ने दामोदरपुर गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है. पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और कई संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. हमले में शामिल लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.